लगातार एकाग्रता : inflammation
मनुष्य का यह सफल जीवन एकाग्रता का ही निरंतर परिणाम है। बचपन से लेकर वृद्धावस्था तक, हम कुछ-न-कुछ पाने के लिए मन को बहरी विषय की ओर साधते रहते हैं — परीक्षा में सफलता, करियर में ऊँचाई, संबंधों में स्थिरता। दुनिया हमें बार-बार यही सिखाती है कि किस पर ध्यान केंद्रित करना है। यह “विषय” (Object of Concentration) की शिक्षा है — लक्ष्य चुनो, उस पर डटे रहो, परिणाम पाओ। यह शिक्षा आवश्यक भी है, और काफी हद तक उपयोगी भी। पर इसमें एक मौलिक कमी छिपी है — यह कभी नहीं पूछती कि जिस यंत्र से यह एकाग्रता साधी जा रही है, वह यंत्र स्वयं कैसी स्थिति में है।
यहीं पर योग की दृष्टि भिन्न हो जाती है। पतंजलि के योगसूत्र में एकाग्रता (धारणा) को केवल एक मानसिक क्रिया नहीं, बल्कि एक संतुलित अवस्था के रूप में देखा गया है — जहाँ मन विषय पर टिकता तो है, पर बिना अपनी प्रकृति को खोए, बिना अपने ऊपर अत्यधिक दबाव डाले। योग पूछता है — मन और इन्द्रियाँ, जिनसे यह सारी एकाग्रता संभव होती है, क्या वे स्वस्थ हैं? क्या वे थके हुए तो नहीं? क्या उन पर अनजाने में इतना बोझ तो नहीं डाला जा रहा कि वे भीतर ही भीतर टूटने लगें? कुछ ऐसा ही लगता जैसे एकाग्रता चादर को फैलाने पर हो , पैर स्वत ही फैल जाएगा । उसे अपना ध्यान पैरों की क्षमता पर ध्यान नहीं देना बल्कि चादर को फैलाने पर ध्यान देना होता है । यही भौतिकवाद में एकाग्रता कहीं जाती है ।
यह भेद छोटा प्रतीत होता है, पर इसके परिणाम गहरे हैं। संसार जिस एकाग्रता को सिखाता है, वह प्रायः परिणाम-केंद्रित होती है — वह विषय पर ध्यान केंद्रित करवाता है - चाहे मन कितना भी तनाव में हो, वाह्य विषय पर “फोकस करो” का संदेश देता है ।
यही कारण है कि आज की पीढ़ी में चिंता (anxiety), अनिद्रा, और मानसिक थकान इतनी सामान्य हो गई है। चिंता भी, गहराई से देखें तो, एकाग्रता का ही एक रूप है — पर दिशाहीन, अनियंत्रित, और साधन की उपेक्षा करने वाली एकाग्रता। मन जब बिना विश्राम के, बिना संतुलन के, अपनी इन्द्रियों का निरंतर किसी विषय पर एकाग्रता करता रहेगा तो तो वही एकाग्रता रोग मन मस्तिष्क इन्द्रिय और शरीर को थका कर रोगी बान देती है । मेरे अनुभव में यही थकान ही देह में इंफ्लेमेशन को बढ़ाने में मदद करती है , परिणामस्वरूप रोग उत्तपन्न होते हैं । ऐसा लगता है कि आप वाह्यजगत में सफल हैं किंतु आपके सभी साधन चाहे वह इन्द्रियाँ हों , मन हो या देह हो सभी रोगी होने से आप की सफलता का आनंद धरा का धरा रह जाता है ।
योग व अध्यात्म विज्ञान इस समस्या को जड़ से समझता है। वह केवल यह नहीं सिखाता कि मन को कैसे टिकाया जाए, बल्कि यह भी सिखाता है कि मन जिन जिन साधनों का उपयोग कर रहा है वह कैसे स्वस्थ रहे ताक मन की ताक़त हमेशा बनी रहे । और साथ साथ मन में उस क्षमता को भी विकसित करना महत्वपूर्ण होगा जिसमें मन कहाँ टिके, कब टिके, कितनी देर टिके, और कब उसे सहजता से छोड़ देना चाहिए । यह “छोड़ना” अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि बिना विश्राम के कोई भी एकाग्रता दीर्घकाल तक टिक नहीं सकती। जैसे शरीर की मांसपेशियों को विश्राम चाहिए, वैसे ही मन और इन्द्रियों को भी। योग की यह समझ — कि साधन की रक्षा करना ही साध्य की रक्षा करना है — आधुनिक न्यूरोसाइंस की उन खोजों से भी मेल खाती है जो बताती हैं कि अत्यधिक निरंतर एकाग्रता (sustained attention) मस्तिष्क की कार्यक्षमता को घटाती है, जब तक उसे समयानुसार विश्राम न मिले।
यहाँ साक्षी भाव (witness consciousness) की अवधारणा प्रासंगिक हो जाती है। जब साधक मन और इन्द्रियों को केवल उपकरण के रूप में देखना सीखता है — न कि स्वयं को — तो वह उनकी थकान को भी वस्तुनिष्ठ रूप से पहचान पाता है। वह “मैं थक गया हूँ” नहीं कहता, बल्कि देखता है कि “मन और इन्द्रियाँ थकी हुई हैं, इन्हें विश्राम चाहिए।” यह सूक्ष्म भेद ही अकर्तापन की ओर पहला कदम है — जहाँ साधक कर्ता न रहकर द्रष्टा बन जाता है, और इसी द्रष्टा भाव से वह अपने साधनों की उचित देखभाल कर पाता है।
मेरे अनुसार यही “एकाग्रता के विज्ञान” का मूल सार है — एकाग्रता केवल लक्ष्य-प्राप्ति की तकनीक नहीं, बल्कि एक समग्र विज्ञान है जो साधक को सिखाता है कि सफलता और स्वास्थ्य परस्पर विरोधी नहीं, बल्कि परस्पर पूरक हैं। जो साधक अपने मन और इन्द्रियों को स्वस्थ, संतुलित और विश्रांत रखना सीख लेता है, वही दीर्घकाल तक, बिना टूटे, बिना जले, अपने लक्ष्यों की ओर अग्रसर हो सकता है। यही योग की वह दृष्टि है जो दुनिया की शिक्षा से आगे जाकर, साधन को साध्य से भी अधिक पवित्र बनाती है ।
Copyright - by Yogi Anoop Academy